शाहजहांपुर। पुराना जिला अस्पताल स्थित होम्योपैथिक क्लीनिक में बिना आधार कार्ड के मरीज नहीं दिखा सकेंगे। यह सूचना पर्चा काउंटर पर लिख दी गई है।
होम्योपैथिक क्लीनिक पर बुखार, खांसी, जुकाम, त्वचा और पेट समेत कई रोगों के मरीज पहुंचते हैं। यहां पर प्रतिदिन सौ से ज्यादा लोग दवा लेते हैं। गत दिनों आयुष मंत्रालय की ओर से मरीजों का आधार कार्ड नंबर व मोबाइल नंबर लेने के निर्देश दिए गए थे ताकि शासन को पता चल सके कि क्लीनिक पर कितने लोग आकर दवा ले रहे हैं। इसके बाद पर्चा काउंटर पर सूचना लिख दी गई, लेकिन जानकारी के अभाव में आने वाले मरीजों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। जिला होम्योपैथिक अधिकारी शबीना नाज ने बताया कि मरीज काउंटर पर आधार कार्ड का नंबर बताकर भी पर्चा बनवा सकते हैं। हालांकि, उन्हें आगे आने पर आधार कार्ड लाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।