सीएमओ कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे सीनियर सिटीजन सोसाइटी के पदाधिकारी। संवाद
शाहजहांपुर। सीनियर सिटीजन सोसायटी ने स्वास्थ्य विभाग की समस्याओं को लेकर सीएमओ डॉ.विवेक मिश्र को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया है कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को बिना वजह लंबे समय तक कार्यालय में रोका जाता है। समय से भुगतान नहीं मिलने पर परेशानी होती है। एक सप्ताह में इसका निस्तारण होना चाहिए।
सीएचसी, पीएचसी में चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते हैं। इससे गंभीर मरीजों की जान चली जाती है। स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित चिकित्सक उपलब्ध रहें। राजकीय मेडिकल कॉलेज में तैनात चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस कराने की जांच कराई जाए। अवैध रूप से चल रहे चिकित्सालयों को बंद किया जाए और राजकीय मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कक्ष आवंटित किया जाए।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर बनाने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र पाठक, जिला महामंत्री सत्य प्रकाश तिवारी, राजेश चंद्र शुक्ला, रामेंद्र मिश्रा, सत्यदेव कश्यप, महेश चंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद