शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में टीबी मुक्त अभियान को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें टीबी रोगियों के बेहतर उपचार पर चर्चा की गई।
बैठक में नार्थ जोन टॉस्क फोर्स के चेयरमैन व केजीएमयू के हेड ऑफ रेस्परेटरी डॉ.सूर्यकांत ने कहा कि आईएमए और एक एनजीओ की कमेटी के सदस्य भी कोर कमेटी के सदस्य हाेंगे। डिफिकल्ट टू ट्रीट टीबी ऑनलाइन क्लीनिक में पूरे देश के विशेषज्ञ शामिल होते हैं। इसमें टीबी के गंभीर रोगियाें के संबंध में परामर्श लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने के लिए गांव को गोद लेना होगा। इसके संबंध में 21 दिसंबर से लखनऊ में होने वाली एसटीएफ की बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी। डॉ. अंकित वर्मा की शिकायत पर उन्होंने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अंसार अली को मेडिकल कॉलेज में तैनात टीबीएचवी को दूसरे स्थान पर तैनात करने के निर्देश दिए। बैठक में प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, सीएमएस डॉ.नेपाल सिंह, डॉ.जेपी सिंह, डॉ.अखिलेश कुमार, जिला समन्वयक रंजीत सक्सेना आदि मौजूद रहे।