पूरी मजबूती के साथ उतरे सभी दल
पहली बार होने जा रहे महापौर के चुनाव में सभी दल पूरी मजबूती से लड़ने का दावा कर रहे हैं। नामांकन की आखिरी तारीख 24 अप्रैल से एक दिन पहले सियासी उलटफेर देखने को मिला। सपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा ने अचानक भाजपा का दामन थाम लिया। हतप्रभ सपा को रातोंरात माला राठौर को प्रत्याशी बनाना पड़ा। बसपा और कांग्रेस से मुस्लिम प्रत्याशी आने के बाद सपा की चिंता बढ़ हुई है।
मुस्लिम वोटों पर नजर
नगर निगम में करीब 40 प्रतिशत मुस्लिम वोटर हैं। इसी के चलते कांग्रेस और बसपा ने मुस्लिम प्रत्याशी को वरीयता दी है। इसकी वजह से सपा को मुस्लिम वोटों के बंटने का डर है। सपा की बैठकों में भी कार्यकर्ताओं से मुस्लिम वोट न बंटने देने के लिए घर-घर जाने की अपील की जा रही है।
ओबीसी वोटर रहेंगे निर्णायक भूमिका में
शहर की सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। भाजपा से टिकट के अधिकतर दावेदार वैश्य बिरादरी से थे। टिकट अर्चना वर्मा को मिलने के बाद उनमें नाराजगी है। हालांकि भाजपा वैश्य बिरादरी के वोटों पर अपने हक का दावा करती रही है, लेकिन सपा इस नाराजगी को भुनाने की कोशिश में है।
नगर पालिका का इतिहास
शाहजहांपुर नगर पालिका का इतिहास 1916 से शुरू होता है। तब से 2017 तक 31 पालिकाध्यक्ष बने। बीच में नौ बार सुपरसेशन पीरियड रहा। फजलुर्रहमान उर्फ छोटे खां चार बार चेयरमैन रहे। वह आजादी से पहले और आजादी के बाद भी चेयरमैन रहे। वह 1927 में पहली बार और 1953 में आखिरी बार नगर पालिकाध्यक्ष बने। नगर पालिका की अंतिम अध्यक्ष जहांआरा रहीं। वह 2017 में अध्यक्ष बनीं और फिर कुछ समय बाद ही नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा मिल गया।