बृहस्पतिवार को दिन में छाई रही कोहरा की चादर। संवाद
शाहजहांपुर। 11.2 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ बृहस्पतिवार सबसे सर्द दिन साबित हुआ। दिन में बूंदों के रूप में पाला गिरने से ठिठुरन और गलन ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। लोगों के हाथ-पैर सुन्न होने लगे। शीतलहर के असर से लोग घरों में दुबके रहे। अधिकतर सड़कों पर सन्नाटा रहा। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी होने और उत्तरी व पछुआ हवा चलने से अभी तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ.मनमोहन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर रही। पछुआ और उत्तरी हवा चलने से गलन का असर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। उन्होंने बताया कि वायुदाब आठ मिलीबार गिरा हुआ है। इसके असर से बादल रहने की संभावना है। कोहरे का प्रकोप रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के साथ गलन और ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं। 2023 में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
गेहूं की फसल को छोड़कर सभी फसलों को नुकसान
कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ.एनसी त्रिपाठी ने बताया कि पाला और कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद हैं। इससे गेहूं का उत्पादन बढ़ेगा। आलू, टमाटर, मिर्च, सरसों की फसल में झुलसा रोग लगने का खतरा बढ़ गया है। कई दिनों से धूप नहीं निकलने से इसका प्रकोप बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। सब्जियों के उत्पादन में कमी आएगी। इस मौसम में खेत में नमी बनाए रखें और जरूरी दवाओं का छिड़काव करते रहें।
तिथि न्यूनतम अधिकतम
तीन जनवरी 11.6 15.4
चार जनवरी 4.6 16.2
पांच जनवरी 8.2 14.8
छह जनवरी 5.7 12.0
सात जनवरी 9.8 13.2
आठ जनवरी 7.8 11.2
बृहस्पतिवार को दिन में छाई रही कोहरा की चादर। संवाद