जलालाबाद। नौसारा लहसड़ी गांव के श्री देवधाम आश्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शाहजहांपुर गुर्जर कल्याण समिति और अखिल भारतीय गुर्जर देवसेना संस्था की ओर से माता पन्ना गुर्जरी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। तत्पश्चात सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि नौसारा लहसड़ी आश्रम के स्वामी सत्यदेव ने पन्ना गुर्जर को त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंंने कहा कि समर्पण का यही भाव समाज को आगे ले जा सकता है। उन्होंने सभी से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने तथा साथ ही स्वस्थ जीवन के लिए योग एवं ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. सुनील गुर्जर, दिनेश सिंह, हरिशंकर सिंह, ओमप्रकाश, हरे राम गुर्जर, रोहित सिंह आदि ने विचार रखे। इससे पूर्व पन्ना गुर्जरी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। ओमपाल गुर्जर की अध्यक्षता और डॉ. बृज निवास के संचालन में हुए कार्यक्रम में ऋषिपाल सिंह गुर्जर, सोरेन सिंह, ओमपाल गुर्जर, रणवीर सिंह, राजवीर गुर्जर आदि मौजूद रहे। संवाद