आस्था का संगम: पुवायां के हरेराम मंदिर परिसर में वट सावित्री पूजा को उमड़ी महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर। व्रती महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर पूजन किया। सुबह से ही बरगद के नीचे भीड़ जुटने लगी। सुहागिनों ने वट वृक्ष की परिक्रमा की, धागा बांधा और पूजा की थाली सजाकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की। पूजन के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
रविवार की शाम से ही महिलाएं तैयारियों में जुटी हुई थीं। सोमवार की सुबह बाबा विश्वनाथ मंदिर, कटिया टोला, रेती रोड स्थित मनोकरण मंदिर, मंडी स्थित दुर्गा मंदिर, फैक्ट्री स्टेट मंदिर आदि स्थानों पर महिलाएं 16 शृंगार में नजर आईं। सुहागिन महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना कर बरगद के वृक्ष में कच्चा धागा बांधते हुए अपने पति की दीर्घायु होने की कामना की।
इस दौरान वट सावित्री की पूजा करने वाली महिलाओं ने बताया कि वट सावित्री व्रत करने से पति की आयु लंबी होती है और उनके ऊपर आनेवाला संकट टल जाता है। वट सावित्री व्रत विवाहित महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र और सुख-समृद्ध के लिए करती हैं।
महिलाओं ने की पति के लिए अखंंड सौभाग्य की कामना
पुवायां। महिलाओं ने पति की दीर्घायु के लिए सोमवार को व्रत रखा और बरगद के पेड़ पर धागा लपेटकर पूजा की। पुवायां में हरेराम तालाब मंदिर परिसर में बरगद के पेड़ की पूजा के लिए भारी भीड़ रही। सुहागिनें दुल्हन की तरह सज धज कर बरगद के पेड़ के नीचे पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से पूजा की। पूजा के बाद सुहागिनों ने धागा लपेटते हुए बरगद की परिक्रमा की और सावित्री सत्यवान की कथा सुनी। पूजा के बाद दान भी दिया गया। खुटार में राजा के बाग में बरगद पूजा के लिए भारी भीड़ रही। इसके अलावा तहसील क्षेत्र में कई स्थानों पर बरगद की पूजा कर परिचार की सुख-शांति के लिए कामना की गई। इस मौके पर समाजसेवकों ने कई जगह प्याऊ भी लगाया। संवाद
आस्था का संगम: पुवायां के हरेराम मंदिर परिसर में वट सावित्री पूजा को उमड़ी महिलाएं। संवाद