खुटार में रोतीं संगीता देवी के घर की महिलाएं। संवाद
- फोटो : POWAYAN
खुटार। शनिवार सुबह एक विवाहिता का शव घर में पड़ी टिन शेड के नीचे बांस से लटकता पाया गया। इससे घर में कोहराम मच गया। जानकारी पाकर पहुंचे पिता ने पिटाई और हत्या करने का आरोप लगाया लेकिन कोई तहरीर नहीं दी।
खुटार के मोहल्ला बगियानाथ लखपेड़ा निवासी सुनील कुमार मजदूरी कर परिवार की गुजर करते हैं। सुनील की शादी दो वर्ष पूर्व खुटार के ही गांव सिंहपुर की 25 वर्षीय संगीता देवी से हुई थी। सुनील ने बताया कि शनिवार को भी वह मजदूरी करने गया था। सुनील की मां सुधा देवी सहकारी संघ में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वह भी सहकारी संघ कार्यालय पर चली गईं। सुबह करीब दस बजे मोहल्ले की कोई महिला सुनील के घर पहुंची तो घर में पड़ी टिन में लगे बांस से संगीता देवी का शव लटकता देख शोर मचाती हुई बाहर भागी। शोर सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। जानकारी पाकर सुनील और सुधा देवी भी घर पहुंचे।
सुनील ने सूचना दी तो उसके ससुर सुरेश कुमार और सास सरस्वती देवी खुटार आ गए। सीओ नवनीत कुमार नायक, तहसीलदार राकेश सिंह, खुटार एसओ जयशंकर सिंह, लेखपाल रूपेश कुमार भी सुनील के यहां पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सुरेश कुमार ने दामाद सुनील और उनकी मां सुधा देवी पर आरोप लगाया कि दोनों ने उनकी पुत्री की पिटाई करने के बाद हत्या कर शव फांसी से लटका दिया है। पुलिस ने तहरीर देने को कहा तो सुरेश कुमार ने इंकार कर दिया। पुलिस सुनील कुमार और सुधा देवी को थाने ले आई है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सुनील ने बताया कि उनकी पत्नी मायके जाने की जिद कर रही थी। उन्होंने दो-तीन दिन बाद चलने को कहा था। इसी कारण संगीता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। चौकीदार शालू की तहरीर पर संगीता देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
संगीता देवी का शव चौकीदार की सूचना पर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। संगीता के पिता आरोप लगा रहे थे, लेकिन कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - जसशंकर सिंह, एसओ खुटार