शाहजहांपुर। करवाचौथ पर साड़ी की मांग पूरी न करने पर मदनापुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कलां गांव निवासी 25 वर्षीय बबली फंदे से लटक गई। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। बुधवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति धर्मपाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह पत्नी ने करवाचौथ के लिए साड़ी दिलवाने के लिए कहा था। पत्नी से शाम को काम से लौटने के बाद साड़ी दिलवाने की बात कहकर खेत पर बाजरा काटने के लिए चले गए। शाम को जब घर लौटकर आए तो देखा दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाया और पत्नी को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।
इसके बाद दराज से अंदर झांका तो बेड पर कोई नहीं था। रोशनदान से अंदर देखा तो पत्नी फंदे से लटकी हुई थी। परिवार के लोगों को आवाज दी और दरवाजा तोड़ा। दुपट्टे को काटकर पत्नी को फंदे से नीचे उतारा। पत्नी की सांसें चलतीं देख उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया।
बुधवार को पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गई। धर्मपाल ने बताया कि उसे पता होता कि पत्नी इतना नाराज हो जाएगी तो काम पर न जाकर उसे साड़ी दिला लाता। लखीमपुर खीरी जिले के उचौलिया थाना क्षेत्र के बालदेवता गांव निवासी मृतका के मामा विश्राम ने बताया कि बबली के पिता पानीपत में काम करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। वह आ रहे हैं। मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि अगर तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
10 माह पूर्व हुई थी शादी
धर्मपाल ने बताया कि करीब दस माह पूर्व उसकी शादी कांट थाना क्षेत्र के बिरुआमई गांव निवासी बबली के साथ हुई थी। शादी के बाद जीवन अच्छा चल रहा था। कभी कोई विवाद नहीं हुआ। सास विमला ने बताया कि दूसरी बहू के बेटे कार्तिक को खिलाने के लिए बाहर गईं हुईं थीं। बहू अक्सर दरवाजा बंद कर लेट जाती थी। इसलिए उन्हें कोई शक नहीं हुआ।