पुवायां। विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पिता ने देर शाम दामाद सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पुवायां के मोहल्ला गांधीनगर निवासी पुनीत तिवारी की पत्नी ईशू की शुक्रवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। देर शाम ईशू के पिता बंडा के मोहल्ला देवस्थान निवासी विजय मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री 23 वर्षीय ईशू मिश्रा की शादी 27 जनवरी 2019 को पुवायां के मोहल्ला गांधीनगर निवासी पुनीत तिवारी के साथ की थी।
उन्होंने दहेज में कार और 15 लाख रुपये भी दिए थे। शादी के एक साल बाद ही दामाद पुनीत तिवारी, दामाद और दामाद के परिजन दहेज में 20 लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ईशू को प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपी ईशू को मायके नहीं भेजते थे और फोन पर बात भी नहीं करने देते थे।
शुक्रवार दिन में दो बजे जानकारी मिली कि दामाद पुनीत तिवारी, दामाद के पिता कृष्ण प्रबोध तिवारी, भाई सचिन तिवारी, मां मनोरमा तिवारी और सौतेली मां पूजा तिवारी ने एक राय होकर ईशू की हत्या कर दी है। विजय मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। साक्ष्य एकत्र कराए जा रहे हैं। दहेज हत्या की तहरीर मिल गई है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।