मृतका बबली का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। बंडा थाना क्षेत्र के नवलपुर चिंता गांव निवासी 25 वर्षीय बबली की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज में कार व दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पिता ने बताया कि शाम को उसके पास बेटी ने फोन किया था कि सब लोगों ने बहुत पीटा है। जल्दी आकर घर ले जाओ। पुलिस ने छह ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र के डंडिया नवाजिश अली गांव निवासी महेश पाल ने पांच साल पूर्व 25 वर्षीय बेटी बबली की शादी बंडा थाना क्षेत्र के नवलपुर चिंता गांव निवासी अरविंद के साथ की थी। महेश ने बताया कि दामाद को दहेज में बाइक भी दी थी, लेकिन शादी के बाद से दामाद और उसके घरवाले आए दिन बेटी से मारपीट करते थे।
वे दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। सोमवार को दामाद और उसके घरवालों ने बबली की हत्या कर दी और शव फंदे से लटका दिया। बताया कि 14 मई को बबली के छोटे भाई की शादी थी। पति के साथ बबली शादी समारोह में भी आई थी। मायके में ही बबली को उसके पति ने पीटा था। जबरदस्ती घर लेकर चला गया था।
सोमवार को आखिरी बार बेटी ने पिता को फोन किया था। उसके बुलाने पर महेश ने जल्द बंडा पहुंचने की बात कही थी। थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि बबली की मौत हो गई है। बंडा थाना प्रभारी प्रदीप राय ने बताया कि मृतका के पिता महेश पाल की तहरीर पर उनके दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।