मीरानपुर कटरा। सगाई का कार्यक्रम होने के बाद वर पक्ष ने दहेज की मांग करते हुए शादी से इन्कार कर दिया। थाना क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर कॉलोनी निवासी गीता देवी ने वर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसपी के आदेश पर दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि उनकी बेटी की शादी जलालाबाद थाना क्षेत्र के याकूबपुर चौराहा के पास रहने वाले जितिन से तय हुई थी। 28 नवंबर 2022 को सगाई में सोने की चेन, अंगूठी व 50 हजार रुपये दिए गए थे। उनका करीब दो लाख रुपया खर्च हुआ। उसी समय वधू की गोदभराई की रस्म भी पूरी कर ली गई थी।
इसके बाद वर पक्ष एक बाइक व व्यवसाय करने के लिए दो लाख रुपये की मांग करने लगा। जब उन्होंने दहेज देने में असमर्थता जताई तो गाली-गलौज कर शादी तोड़ दी। पुलिस ने जितिन, नितिन, प्रदीप, कुलदीप, निशि, संजीत व चित्रांश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।