सुहागिनों का महापर्व करवाचौथ कल शुक्रवार को है। महिलाओं ने उपवास के लिए बृहस्पतिवार को दिनभर तैयारी की। खराब मौसम के बावजूद त्योहारी खरीददारी के लिए बाजार में खासी रौनक रही। किसी ने पूजा से संबंधित सामग्री खरीदी, तो किसी ने श्रंगार सामग्री। सुहागिनों ने ब्यूटी पार्लर और बाजार में खास स्थानों पर मेंहदी भी लगवाई। नगर में जगह-जगह जलेबी, इमरती-रबड़ी के स्टॉल लगाए गए हैं।
करवाचौथ उपवास के लिए सुहागिनें पूरे दिन तैयारी में जुटी रहीं। हालांकि उनकी खरीददारी में मौसम ने खलल डालने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ी। हल्की बरसात होने से बाजार में कीचड़ होने से फिसलन बढ़ गई। बावजूद इसके महिलाओं ने करवा (कलश), च्यूड़ा, सीकें, पूजा के कैलेंडर, श्रंगार सामग्री आदि की खरीददारी की। ब्यूटी पार्लर समेत बाजार में कई स्थानों पर मेंहदी लगाने के लिए बैठे लोगों से सुहागिनों ने कलात्मक मेंहदी लगवाई।
त्योहार की पूर्व संध्या पर परंपरागत ढंग से इमरती-रबड़ी और जलेबी के स्टॉल जगह-जगह लगाए गए। इन स्टॉलों पर भीड़ देर रात तक रही।