शाहजहांपुर। सीवर लाइन के निर्माण में उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इसको लेकर अधिकारी मौन हैं।
जिला पंचायत कार्यालय के सामने मैनहोल का ढक्कन पूर्व में क्षतिग्रस्त हो गया था। उसको बदलवा दिया गया, लेकिन नया भी टूट गया। दूसरे स्थानों पर भी यही हाल है। साथ ही कई जगह पर मैनहोल के ढक्कन सड़क से ऊंचे और नीचे हैं। इससे हादसों का डर है। कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सीवर कनेक्शन देने का कार्य हो रहा है।
राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत शहर में 186 किमी. सीवर लाइन बिछाने का काम वर्ष 2021 में शुरू हुआ था। इसको जून 2023 तक पूरा कराया जाना था, लेकिन किन्हीं कारणों से समय सीमा बढ़ती जा रही है। अब 31 दिसंबर 2024 तक काम पूर्ण कराने का प्रयास है। इस परियोजना को पूरा कराए जाने के लिए वर्ष 2019-20 में 377 करोड़ रुपये प्रस्तावित थे। टेक्नोक्राफ्ट के पक्ष में 248 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ है।
इन स्थानों पर यह स्थिति
- जिला पंचायत कार्यालय के सामने सीवर के मैनहोल का ढक्कन टूटने के बाद उसके ऊपर यातायात पुलिस की ओर से बैरीकेडिंग रख दी गई है। जिला पंचायत कार्यालय के सामने ही चाय की दुकान चलाने वाले अशोक ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले मैनहोल का ढक्कन टूट गया था। उसको बदलने के दो दिन बाद ही नया ढक्कन भी टूट गया, उसके बाद मैनहोल खुला पड़ा है।
- टाउनहॉल रोड पर सीवर लाइन डालने के दौरान बनाए गए कई मैनहोल के ढक्कन सड़क से ऊंचे बने हुए हैं। एसबीआई के सामने, आर्य समाज मंदिर के पास मैनहोल का ढक्कन इतना ऊंचा है कि वाहन उछल जाते हैं। कुछ जगह पर सड़क भी धंसी हुई है। ऐसे में राहगीरों व वाहन चालक हिचकोले खाते हुए चलते हैं।
- बहादुरगंज से मशीनरी मार्केट होकर घंटाघर तक कई स्थानों पर सीवर के मैनहोल सड़क से ऊंचे और नीचे हैं। मानक के अनुसार इनको सड़क के बराबर ही होना चाहिए था। जल निगम के अधिकारियों का कहना है सड़क को बराबर करने का काम जारी है।
सीवर लाइन डालने का काम गुणवत्ता के साथ करवाया जा रहा है। करीब दस हजार कनेक्शन दिए जाने हैं। दिसंबर तक कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। मैनहोल के टूटे ढक्कन को बदलवाने और ऊंचे-नीचे को बराबर किए जाने के निर्देश संबंधित को दिए जाएंगे।
- कपिल एम. सिंह, एक्सईएन, जल निगम
शाहजहांपुर में जिला पंचायत कार्यालय के सामने टूटे मैनहोल के ढक्कन की जगह रखा गया यातायात पुलिस
शाहजहांपुर में जिला पंचायत कार्यालय के सामने टूटे मैनहोल के ढक्कन की जगह रखा गया यातायात पुलिस