मनु बोली- साहब जेल भेजने से पहले करा दो दिलीप से शादी
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान मनु को इस बात को कोई पश्चाताप नहीं था कि जिस अनूप के साथ उसने सात फेरे लिए थे, वह उसके कारण जहर खाकर जान दे चुका है। अनूप की मौत का तीसरा दिन होने के बाद भी मनु गम करने के स्थान पर इस बात पर आतुर थी कि उसकी दिलीप से शादी हो जाए।
मनु ने थाना प्रभारी आरके रावत को बताया कि उसका और दिलीप का प्रेम प्रसंग इसी वर्ष होली से शुरू हुआ था। दिलीप ने उसे रंग लगाया और बातचीत शुरू की तो उसे दिलीप से प्रेम हो गया। पति अनूप मजदूरी करने जाता था, तो वह जब चाहती दिलीप को कॉल कर घर बुला लेती थी।
दिलीप के परिजन भी प्रेम संबंधों के बारे में जानते थे। पति अनूप ने कई बार दिलीप से बात करते पकड़ा था और मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी। 31 जुलाई को अनूप से उसे दिलीप से बात करते हुए पकड़ लिया था। अनूप ने भी दिलीप से बात की थी और कहा था कि क्या वह मनु को खुश रख पाएगा? दिलीप के हां कहने से अनूप परेशान हो गया था और पुवायां जाकर जहर खा लिया।
बोली- जेल से छूटने के बाद करूंगी शादी
थाने में मनु से जेल भेजने से पहले दिलीप से शादी कराने की बात कही। दिलीप भी शादी करने के लिए तैयार था। पुलिस ने बताया कि इस तरह शादी नहीं हो सकती है तो दोनों ने कहा कि जेल से छूटने पर शादी कर लेंगे। अनूप की मौत का कारण बनने के बाद भी दोनों को कोई पछतावा नहीं था।
चाचा के पास रहेगा चार साल का मासूम
अनूप और मनु का एक चार वर्ष का पुत्र है। मनु की गिरफ्तारी के बाद बच्चे को उसके चाचा अखिल को सौंप दिया गया है। मनु के जेल से आने तक बच्चा अपने चाचा के पास ही रहेगा। मनु बच्चे के लिए भी ज्यादा फिक्रमंद नजर नहीं आई।