पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रामकुमार व अमित। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के ऊनकला गांव में बंधक बनाकर लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने शुक्रवार रात खुलासा कर दिया। ऑनलाइन गेम की लत में लाखों रुपये हारने वाले अमित ने अपने ही घर में चोरी होने का ड्रामा रचा था। पुलिस ने अमित कुमार व जेवर खरीदने वाले सुनार रामकुमार को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि अमित से पूछताछ में सारी सच्चाई सामने आ गई। अमित ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी। वह विभिन्न एप पर अब तक करीब पांच लाख रुपये हार चुका था। केवल अप्रैल में ही उसने एक गेम में 1,83,000 रुपये लगाए थे। लगातार रुपयों की आवश्यकता होने के कारण उसने अपने ही घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करना शुरू कर दिए।
चोरी किए गए आभूषणों को गल्ला मंडी के रहने वाले सुनार रामकुमार गुप्ता को औने-पौने दामों में बेच देता था। प्राप्त धनराशि वह अपने बैंक खाते में जमा कर फिर ऑनलाइन गेम खेलने में खर्च कर देता था। अमित ने बताया कि उसने अलग-अलग समय पर कुल 4,89,000 रुपये मूल्य का सोना रामकुमार गुप्ता को बेचा है।
भूसे में छिपाए थे गहने
अमित ने यह भी बताया गया कि 28 अप्रैल को उसके पिता कलक्टर सिंह यादव शादी समारोह में बाहर गए हुए थे। उसका बड़ा भाई किराये पर गाड़ी चलाने के लिए गया था। गांव में बरात होने के कारण तेज आवाज में डीजे बज रहा था, जिसका फायदा उठाकर उसने रात करीब 11 बजे बक्से से आभूषण चोरी कर भूसे में छिपा दिए। इसके बाद रात करीब दो बजे बड़े भाई को कॉल की, लेकिन वह रिसीव नहीं हुई। तब डायल-112 पर चोरी की झूठी सूचना देते हुए पुलिस को बताया कि चार अज्ञात लोगों ने तमंचे के बल पर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
वहीं, पूछताछ में सुनार रामकुमार गुप्ता ने बताया कि वह अमित को काफी समय से जानता है। अमित उसके पास सोना बेचने आता था, जिसे वह गलाकर औने-पौने दामों में खरीद लेता था। पुलिस ने लगभग 90 ग्राम सोने और लगभग ढाई किलो चांदी के जेवर बरामद किए हैं।