शाहजहांपुर में दस रुपये में एक सेब न देने पर युवक ने फल विक्रेता के ठेले को पेट्रोल डालकर फूंक दिया, जिससे विक्रेता को हजारों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है।
शाहजहांपुर में एक सेब खरीदने पर दस रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने फल विक्रेता के ठेले पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे हड़कंप मच गया। आग लगने से फल विक्रेता का हजारों का नुकसान हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की।
विज्ञापन
चौक कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी अशोक कुमार फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार की सुबह अशोक कुमार फेरी लगाने के लिए निकले थे। उसी दौरान कॉलोनी के पास एक युवक ने उन्हें रोका। सेब का रेट पूछा, फिर एक सेब देने के लिए कहा।
दस रुपये में सेब लेने पर अड़ा था आरोपी
विक्रेता ने सेब का वजन कर उसकी कीमत 20 रुपये बताई। इस पर युवक भड़क गया। जेब से दस रुपये निकालकर फल विक्रेता को देने लगा। पहली बोहनी होने के चलते फल विक्रेता ने दस रुपये में सेब देने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने फल विक्रेता को गालियां दीं और ठेले में आग लगा देने की धमकी देते हुए अपने घर गया।
विज्ञापन
युवक बोतल में पेट्रोल लाया और छिड़ककर ठेले को आग के हवाले कर दिया। लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।