लवनीश वर्मा उर्फ बंटी शाहजहांपुर में भारत फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। वह शनिवार को अपने घर गुरघिया गांव आए थे। सोमवार को तेज बारिश के कारण वह वापस नहीं जा सके थे। मंगलवार सुबह पांच बजे वह बाइक से घर से शाहजहांपुर के लिए निकले थे। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर रूजहां कलां गांव के पास ओवरब्रिज के नीचे उतरते ही उनकी बाइक को सामने से आ रही रोडवेज बस से टक्कर लग गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही लवनीश के घर में कोहराम मच गया। उनके पिता सर्वेश वर्मा, मां मीना वर्मा और बहन प्रीति वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल था। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि बस की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।