जैतीपुर। कटरी में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में चचेरे भाइयों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मृतक के पिता का आरोप है कि एक आरोपी की बेटी उनके बेटे से बात करती थी इसलिए ही उसकी हत्या कर दी गई।
मृतक राहुल सिंह पुत्र मुन्ना सिंह का परिवार साल भर से बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव पिपरा में परिवार के साथ रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव खूबपुर में उनकी 45 बीघा गेहूं की फसल खड़ी थी। वह फसल को कटवाने के लिए चार दिन पहले गांव खूबपुर आया था। बृहस्पतिवार रात को राहुल गेहूं की फसल देखने गया और वहां उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को राहुल के पिता मुन्ना सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि गांव के ही सुखवीर ने कहा था कि तुम्हारा लड़का मेरी बेटी से फोन पर बात करता है। इस पर राहुल ने मना कर दिया और कहा कि वह सुखवीर की बेटी से बात नहीं करता। सुखवीर की ही बेटी उसके पास फोन करती है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसके चलते ही सुखबीर और उसके भाई राजपाल ने उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही हत्या की असली वजह सामने आएगी। सुखवीर और मृतक के पिता मुन्ना सिंह रिश्ते में चचेरे भाई हैं।