शाहजहांपुर के सदर बाजार स्थित स्वागत होटल में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋषिकेश के गंगानगर के गायत्री विला निवासी गौरव सक्सेना (47 वर्ष) के रूप में हुई। वह एक फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे से होटल में रुके हुए थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे होटल का कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो गौरव मृत अवस्था में मिले। वह कुर्सी पर बैठी अवस्था मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक गौरव सक्सेना की शाहजहांपुर के चौक कोतवाली के मोहल्ला मोहम्मदजई में ससुराल है। गौरव रविवार को दोपहर 12 बजे सदर बाजार थाना क्षेत्र के बहादुरगंज स्थित स्वागत होटल पहुंचे और कमरा मांगा। उन्हें फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 107 दिया गया। सोमवार शाम को उनका एक मित्र मिलने भी आया था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे होटल का कर्मचारी नाश्ते के लिए पूछने गया तो बाहर से आवाज देने पर कोई जवाब नहीं आया।