शाहजहांपुर में खुटार-बंडा मार्ग पर शुक्रवार रात एक युवक का शव सड़क किनारे गड्ढे में मिला। मौके पर ही बाइक पड़ी थी। सांड़ से बाइक टकराने से हादसा होने की आशंका जताई गई है।
शाहजहांपुर जिले में खुटार-बंडा मार्ग पर सौंफरी गांव के रहने वाले अरुण (45) का शव शुक्रवार रात सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में मिला। पास में ही बाइक पड़ी मिली। पुलिस सांड़ से बाइक टकराने से हादसा होना मान रही है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक अरुण शुक्रवार को किसी काम से खुटार गए थे। रात में करीब नौ बजे वह घर लौट रहे थे। इस दौरान परिजनों ने उनसे संपर्क करने के लिए फोन मिलाया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 11 बजे परिजनों को गांव से सौ मीटर पहले खुटार-बंडा मार्ग पर अरुण सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पड़े मिले। सीएचसी में अरुण को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि आसपास सड़क पर कई गोवंशीय पशु बैठे रहते हैं। मौके पर काफी गोबर पड़ा हुआ था। ऐसे में आशंका है कि अरुण की बाइक सांड़ से टकरा गई या वह सांड़ से बचने के प्रयास में गड्ढे में गिर गए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।