जलालाबाद। साल भर पहले दिल्ली में प्रेम विवाह करने वाला युवक लॉक डाउन में काम न होने के बहाने पत्नी को लेकर फर्रुखाबाद रवाना हुआ और जलालाबाद के कोला मोड़ पर छोड़कर फरार हो गया। महिला की सूचना पर पुलिस उसे कोतवाली ले आई। पुलिस महिला की स्क्रीनिंग कराकर उसे वापस दिल्ली भेजने के प्रयास में लगी हुई है।
दिल्ली के बबाना स्थित एक फैक्टरी में काम करने वाले युवक ने वहां रहने वाली युवती से मेलजोल बढ़ा लिया। युवक के दो अन्य भाई भी वहीं नौकरी करते थे। युवती ने बताया कि बचपन में ही माता-पिता की मौत होने के बाद चाचा ने उसका पालन-पोषण किया था। एक साल पहले युवक के संपर्क में आने की जानकारी होने पर घरवालों ने उनकी शादी करा दी। युवक और उसके भाइयों ने बताया था कि वे फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। लॉक डाउन के चलते काम बंद हो जाने पर पति ने कहा कि वे लोग फर्रुखाबाद घर पर चलेंगे। महिला के मुताबिक शुक्रवार सुबह वे लोग दिल्ली से निकले और जैसे-तैसे भोर में कोला मोड़ पहुंचे। कोला मोड़ पर पति ने उससे मोबाइल मांगा और बात करते हुए कहीं गायब हो गया। करीब तीन घंटे तक वापस न लौटने पर उसने किसी राहगीर का मोबाइल लेकर पति को फोन किया तो वह स्विच ऑफ था। फिर उसने 112 नंबर पर फोन करके सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला की बात सुनने के बाद उसे कोतवाली ले आई। सीओ ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि महिला की जांच करवा दी गई है। वह यहां रुकना नहीं चाहती है इसलिए दिल्ली में उसके घरवालों से संपर्क किया जा रहा है ताकि उसे घर भेजा जा सके।