शाहजहांपुर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के चयन में आय प्रमाणपत्र को लेकर की गई शिकायत की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोप है कि कोटेदार पत्नी की आय छिपाकर परिवार की वार्षिक आय 42 हजार रुपये दर्शाते हुए प्रमाणपत्र बनवा लिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में परिवार की वास्तविक वार्षिक आय 1,55,320 रुपये आकलित की गई। जांच में आय प्रमाणपत्र त्रुटिपूर्ण मिलने पर उसे निरस्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, लेखपाल की तहरीर पर थाना सेहरामऊ दक्षिणी में एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला ग्राम नौसिया गौटिया निवासी अंकिता यादव की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने ग्राम अकबरपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के चयन में आकांक्षा यादव के आय संबंधी अभिलेखों पर सवाल उठाए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आकांक्षा की मां गीता यादव गांव में कोटेदार हैं और परिवार के पास कृषि भूमि भी है, लेकिन वास्तविक आय छिपाकर कम आय का प्रमाणपत्र बनवाया गया।
जांच में पूर्ति विभाग के अभिलेखों के आधार पर कोटेदार गीता यादव की वार्षिक आय 1,09,320 रुपये आकलित की गई। वहीं, आकांक्षा के पिता अहिवरन सिंह के पास करीब सात बीघा कृषि भूमि मिली, जिससे 46 हजार रुपये वार्षिक आय आंकी गई। इस तरह परिवार की कुल आय 1,55,320 रुपये पाई गई। लेखपाल सुधा सिंह की तहरीर पर गलत तथ्यों के आधार पर प्रमाणपत्र प्राप्त करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।