शाहजहांपुर में रहने वाली महिला से गुजरात के युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती की। उसे अपनी बातों से फंसाकर फोन नंबर ले लिया और वीडियो कॉल करने लगा। इस दौरान आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो बना लिए। फिर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
शाहजहांपुर के आरसी मिशन थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला से वीडियो कॉल कर आपत्तिजनक फोटो लेने और वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुजरात के रहने वाले भावीन परमार के खिलाफ आईटी एक्ट और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
पीड़ित महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मार्च 2025 में उनके इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। आरोपी युवक महिला से दोस्त की तरह बातें करने लगा। कुछ दिनों बाद झांसे में लेकर मोबाइल नंबर ले लिया और वीडियो कॉल पर बातें करने लगा। आरोपी ने महिला के प्राइवेट फोटो खींच लिए। इसके बाद उन्हें और पति को ब्लैकमेल करने लगा। इस पर महिला ने अपना इंस्टाग्राम और फेसबुक एकाउंट बंद कर दिया। तब कुछ दिनों के लिए मामला शांत हो गया।
रिश्तेदार को भेजे आपत्तिजनक फोटो
आरोपी ने 14 जनवरी को महिला के एक रिश्तेदार को आपत्तिजनक वीडियो भेजकर बात कराने को कहा। फोटो वायरल करने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार डरा हुआ है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला की तहरीर पर गुजरात के अहमदाबाद निवासी भावीन परमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।