थाना सदर बाजार पुलिस की गिरफ्त में आरोपी नईम। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। सदर बाजार में पनीर विक्रेता मनोज प्रजापति को चाकू मारने वाले आरोपी नईम को पुलिस ने ईदगाह के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि इस मामले में मनोज के भाई ने आसिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना की तो उसमें आसिफ की नामजदगी झूठी साबित हुई, नईम का नाम सामने आया।
रोजा के मोहल्ला लोधीपुर निवासी श्याम बाबू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि भाई मनोज प्रजापति थाना सदर बाजार क्षेत्र में सिटीकार्ट शोरूम के सामने पनीर की दुकान लगाते हैं। आरोप लगाया कि शनिवार शाम भाई अपनी दुकान पर बैठे थे। इस बीच शाम करीब सात बजे लाल इमली चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाला आसिफ आया और भाई से रुपयों के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
भाई ने गाली देने का विरोध किया तो आसिफ ने भाई को जान से मारने की नीयत से पेट में चाकू मार दिया। जिससे भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी आसिफ उनके भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि विवेचना में आसिफ की नामजदगी झूठी पाई गई। मोहल्ला बीबीजई हद्दफ निवासी नईम का नाम प्रकाश में आया। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली आरोपी ईदगाह के पीछे तालाब के पास खड़ा है। तुरंत टीम ने मौके पर पहुंच आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसकी जेब से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ। आरोपी युवक को न्यायालय में पेश किया गया है।