जगेंद्र सिंह की मौत के बाद कलक्ट्रेट में किसी तरह का बवाल न हो इसलिए मंगलवार को सारे दिन कलक्ट्रेट के आसपास पुलिस का डेरा रहा। कलक्ट्रेट के दोनों गेट के सामने कई थानों की पुलिस, स्वॉट टीम, पीएसी और फायर ब्रिगेड की टीम को लगाया गया। सारे दिन पत्रकारों से गुलजार रहने वाले कलक्ट्रेट में मंगलवार को पत्रकारों की गतिविधियां शून्य रहीं।
सोशल मीडिया के लिए रिपोर्टिंग से चर्चा में आए पत्रकार जगेंद्र का शव सोमवार रात को खुटार स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचा तो वहां भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। कलक्ट्रेट में होने वाले धरना-प्रदर्शनों और अन्य समाचारों की कवरेज के लिए तमाम पत्रकार पीपल के पेड़ के नीचे एकत्र रहते हैं। जगेंद्र की मौत के बाद से पत्रकारों में पुलिस और प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। ऐसी स्थिति में कलक्ट्रेट में किसी प्रकार का हंगामा न हो, इसके लिए प्रशासन मंगलवार को पूरी तरह चौकन्ना रहा। शहरी क्षेत्र की पुलिस, जैतीपुर थाना, पुलिस, अग्निशमन विभाग की गाड़ी और दो ट्रक पीएसी और स्वॉट टीम सुबह आठ बजे से ही तैनात कर दी गई थी।