शहर के वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. आईयू खान और डॉ. सीमा खान के पुत्र और डॉ. अमन खान के भाई आजाद खान की आरंभिक शिक्षा शहर के सेंट पॉल्स इंटर कालेज में हुई। यहां उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद 12वीं तक उन्होंने केंद्रीय विद्यालय-एक में अध्ययन किया। आजाद खान बताते हैं कि इसके बाद वह बंगलुरू चले गए और उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने आर्मी ज्वाइन कर ली। वर्ष 2003 में भारतीय सेना में आने के बाद वर्ष 2012 में उन्हें एएफएमसी पुणे में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केएस मास्टर सिल्वर मेडल से पुरस्कृत किया गया। इससे उत्साहित होकर उन्होंने और निष्ठा से काम करते हुए वर्ष 2014 में गोल्ड मेडल भी जीता।
आजाद बताते हैं कि पुणे में टॉपर रहने का इनाम उन्हें तब मिला, जब उनका चयन भारतीय सेना प्रशिक्षण दल भूटान के लिए किया गया। इस समय वह भूटान में ही तैनात हैं और छुट्टियों में घर आए हुए हैं। बोले: यहां से वह गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए नई दिल्ली जाएंगे, जहां उन्हें सम्मानित किया जाएगा।