पुवायां रोड से इमली रोड पर भारी वाहनों की इंट्री अब नहीं हो सकेगी। कैंट बोर्ड के सीईओ के निर्देशन में वहां पर बैरियर लगाने का काम शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को जेई संजय मिश्र, अनमोल अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। छावनी परिषद के रोड से भारी वाहनों के गुजरने की वजह से कैंट रोड अक्सर टूट जाती है। इससे स्थानीय लोगों और ओसीएफ कर्मियों, छात्र-छात्राओं को वहां से गुजरने में काफी परेशानी होती है। इस रोड पर हैवी वाहनों को रोके जाने के लिए बैरियर लगाए जाने की मांग की गई थी।
इस मामले को लेकर कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष गजेंद्र गंगवार ने शिकायत भी की थी। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र में प्रवेश करने वाली शिवाजी रोड की रिपेयरिंग कराने की मांग लोग काफी समय से कर रहे हैं। बताया कि एमईएस अधिकारियों का कहना है कि जब तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगेगी, तब तक सड़क टूटती रहेगी। इस पर बैरियर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उम्मीद जताई कि एमईएस भी जल्द रोड बनवा देगा।