रोजा। थाना क्षेत्र के गांव छीतेपुर स्थित ठाकुरद्वारा आश्रम के महंत को मोबाइल पर जान से मारने और आश्रम से उठा लेने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महंत की तहरीर पर रोजा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम छीतेपुर निवासी महंत योगी कृष्ण नाथ अखिल भारत वर्षीय अवधूत भेष बारह पंथ योगी महासभा से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि 15 मई की रात करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनके साथ अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया।
जब उन्होंने परिचय पूछा तो वह उग्र हो गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। उन्हें आश्रम से उठा लेने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। संवाद