तिलहर। हाईवे पर गांव भेदपुर के समीप ट्रैक्टर की टक्कर से पलटे साढे़ 17 टन एलपीजी से भरे कैप्सूल को क्रेन की मदद से उठाकर सड़क के किनारे रख देने के बाद कानपुर से आए मकैनिकों ने सही किया और फिर मंगलवार को उसे एलपीजी शाहजहांपुर प्लांट भेज दिया गया। गांव के पास से गैस भरे कैप्सूल के हटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि रविवार सुबह लोनी से लखीमपुर जा रहा एलपीजी गैस से भरा कैप्सूल हाईवे पर भेदपुर गांव के पास ट्रैक्टर से टकराकर पलट गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने क्रेन मंगाकर कैप्सूल को सड़क किनारे खड़ा करा दिया था। मगर टैंकर वहां खड़े होने से गैस लीकेज की आशंका में आसपास के गांव वाले भयभीत थे। मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे ठीक होने के बाद कैप्सूल को चालक जैसे ही लेकर रवाना हुआ उसका रेडिएटर फट गया। इसके कारण उसे लखीमपुर ले जाना संभव नहीं हुआ तो शाहजहांपुर के एलपीजी प्लांट में पहुंचा दिया। चालक मुनव्वर ने बताया कि शाहजहांपुर प्लांट में कैप्सूल को खाली कराकर कानपुर ले जाया जाएगा।