शाहजहांपुर में शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक युवक और एक युवती अचानक मालगाड़ी के आगे कूद गए। ट्रेन से कटकर दोनों की मौके पर मौत हो गई। ट्रेन जब रोजा स्टेशन पहुंची तो लोको पायलट ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी।
मौके पर पहुंची सदर बाजार थाने की पुलिस ने शव मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवाए। युवक और युवती प्रेमी युगल बताए जा रहे हैं। चीथड़े ट्रैक पर पड़े होने के कारण लखनऊ की ओर जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस एक घंटे तक बंथरा स्टेशन पर खड़ी रही।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के शहबाजनगर इलाके से गुजरने वाली रेलवे लाइन संख्या 1241/32 पर डाउन लाइन से मालगाड़ी लखनऊ की ओर जा रही थी। अचानक एक युवक और युवती ट्रेन के सामने आ गए। ट्रेन की चपेट में आकर दोनों के चीथड़े उड़ गए। ट्रेन शाम 6 बजे जब रोजा स्टेशन पहुंची तो लोको पायलट ने कंट्रोल को सूचना दी। ट्रेन के इंजन में एक पैर फंसा हुआ था जिसे निकलवाया गया।
प्रेम प्रसंग का मामला
सूचना सदर बाजार थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस के मुताबिक युवती के शव के पास से उसकी मार्कशीट मिली है, जिसके आधार पर उसकी पहचान रोजा थाना क्षेत्र के गांव शाहगंज की रहने वाली शालिनी (22) के रूप में हुई है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसपी एस आनंद ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस युवक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
बाधित रहा रेल यातायात
शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे डाउन लाइन पर हादसा हुआ था। शव के चीथड़े ट्रैक पर पड़े होने के कारण 7:30 बजे तक रेल यातायात बाधित रहा। श्रमजीवी एक्सप्रेस 6 से 7 बजे तक एक घंटे बंथरा स्टेशन पर खड़ी रही।