शाहजहांपुर। होली पर निकलने वाले लाट साहब जुलूस के रूट को अभी तक व्यवस्थित नहीं किया जा सका, जबकि होली के कुछ दिन ही बचे हैं। कहीं पर गड्ढे भरकर सड़क को समतल कर दिया गया तो कहीं गड्ढे बरकरार हैं। कुछ स्थानों पर नगर निगम कर्मचारी पाइप लाइन ठीक करने के नाम पर गड्ढे खोद रहे हैं। वहीं नीचे तक झूल रहे तारों को और बीच सड़क पर खड़े खंभों को हटाने का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जबकि धार्मिक स्थलों को पूरी तरह पन्नी से ढक दिया गया है।
जेल रोड से अंटा चौराहे की ओर बढ़ने पर फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास सड़क को पूरी तरह से समतल कर दिया गया है। क्योंकि यहां सड़क के दोनों किनारों पर गड्ढे होने की वजह से हादसा होने की आशंका बनी रहती थी। यहां से आगे पुराना जिला अस्पताल की ओर बढ़ने पर सपा कार्यालय के आगे रोड पर बड़ा सा गड्ढा बना हुआ है। यह गड्ढा कोई एक दो दिन का नहीं है। यह गड्ढा कई माह से है। इसे पाटने के लिए कोई खैर-खबर नहीं ली गई। चूंकि इस रूट से बड़े लाट साहब का जुलूस निकलना है, ऐसे में भी अनदेखी की जा रही है, जबकि अधिकारी आए दिन लाट साहब जुलूस के रूट का निरीक्षण कर रहे हैं।
वहीं मिशन तिराहे के आगे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज के आवास के पास नगर निगम की ओर से पाइप लाइन ठीक करने को गड्ढा खोद दिया गया है, जिसमें मिट्टी भरने की जिम्मेदारी के अलावा मजदूरों के पास कोई विकल्प नहीं है। इस रूट पर कोतवाली से चारखंभा की ओर बढ़ने पर बिजली के तार नीचे तक झूल रहे हैं। खत्री धर्मशाला के पास ट्रांसफार्मर खुले में रखा है और यहां बिछा तारों का जाल नीचे तक झूल रहा है। कमोवेश यही स्थिति बेरी चौकी तिराहे के पास भी है। सड़क चौड़ीकरण के बाद बीच रास्ते में आए खंभे भी नहीं हटाए गए। हालांकि धार्मिक स्थलों को पूरी तरह से पन्नी से ढक दिया गया है। बता दें कि बड़े लाट साहब के जुलूस की शुरूआत सरौंदी बंगला मौती चौक से होती है। जो पहले कोतवाली पहुंचता है। यहां कोतवाल से सलामी लेने के बाद लाट साहब का जुलूस चारखंभा, केरूगंज, बैरी तिराहा, अंटा चौराहा, जेल रोड, खिरनी बाग चौराहा से थाना सदर बाजार होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचता है और फिर यहां वापस सदर थाने के सामने से होकर पंखी होटल से बहादुरगंज, मशीनरी मार्केट से घंटाघर, माल खाना मोड़, कच्चा कटरा मोड़, सुनहरी मस्जिद तिराहा, कोतवाली गेट से पटी गली मौती चौक सरौंदी बंगला पर समाप्त होता है।