जलालाबाद। परशुराम जन्मभूमि प्रबंध समिति की मंदिर प्रांगण में हुई बैठक में आगामी 10 मई को होने वाले भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम को धूमधाम से मनाने के लिए विचार विमर्श किया गया। विभिन्न पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
समिति के विनोद चंद्र शर्मा व गोपाल द्विवेदी ने बताया कि जयंती को लेकर मंदिर परिसर में 11 दिन विभिन्न तरह के आयोजन होंगे। एक मई से मंदिर में श्रीराम कथा प्रतिदिन शाम सात बजे से दस बजे तक होगी। यह नौ मई तक चलेगी। 10 मई को प्रातः पांच बजे से भगवान नगरी की भक्तों द्वारा परिक्रमा होगी। इसी दिन दोपहर को हवन तथा भगवान परशुराम का मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक होगा। देर शाम को भगवान की मंगला आरती होगी।
11 मई को भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर से मंदिर परिसर में भंडारा शुरू होगा। उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक की अध्यक्षता मंदिर के महंत सत्यदेव पांडेय ने की। इस दौरान रामू अग्निहोत्री, मनोज अग्निहोत्री, टीटू भारद्वाज, शानू अग्निहोत्री आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।