सहायक मंडल अभियंता रिषभ दत्त के साथ बैठक करते नरमू के पदाधिकारी। स्त्रोत : यूनियन
शाहजहांपुर। नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) के पदाधिकारियों ने सहायक मंडल अभियंता रिषभ दत्त के साथ बैठक कर 52 सूत्री मांगों को लेकर मंत्रणा की। नरमू के सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र त्यागी के अनुसार मांगों पर सहमति बन गई है।
बताया कि सहमति के बाद ट्रैक मैन को अपनी ड्यूटी शीट पर हस्ताक्षर करने का अधिकार मिल सकेगा। रेल आवासों की मरम्मत का कार्य शुरू होने के साथ ही जालीदार खिड़की व दरवाजे लगाए जाएंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से चहारदीवारी को अविलंब बनाने का आश्वासन दिया गया। इनके अलावा गेट संख्या 325 को ओपन टू रोड करके गेटमैनों को लाभ दिया जाएगा। 325 और 326 पर नल की रिबोरिंग कर स्वच्छ जल मुहैया होगा। मेज व कुर्सी की भी व्यवस्था की जाएगी।
सभी लोहारों, वेल्डर व साथी लाइन स्टाफ को ड्यूटी कार्ड पास उपलब्ध कराए जाने समेत तमाम लाभ मिल सकेंगे। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, शाखाध्यक्ष रामोतार शर्मा, सचिव शिव कुमार शर्मा, सह सचिव यतेंद्र त्रिवेदी, अजय सिंह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर अरुण सक्सेना, मोहमद खालिद, ओएस रामचंद्र आदि मौजूद रहे।