फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईंट भट्टा मालिक के घर 20 लाख का डाका, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम,एसओ निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
निगोही(शाहजहांपुर)। सीढ़ी के सहारे बिंडो की ग्रिल तोड़कर ईंट भट्टा मालिक के घर बृहस्पतिवार की रात नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल कर परिवार को बंधक बनाने के बाद करीब एक घंटे तक लूटपाट की। बदमाश नकदी सहित करीब 20 लाख रुपये का माल समेट कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, तब मामले की जानकारी हुई। सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी कर बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज किए जाने पर आक्रोशित लोगों ने थाना गेट के पास हमजापुर चौराहे पर जाम लगा दिया। लगभग तीन घंटे बाद एएसपी सिटी के आश्वासन पर जाम खोला गया। देर शाम एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने थानाध्यक्ष सोम प्रकाश को निलंबित कर दिया। एसएसपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है, उनकी कार्यप्रणाली भी संतोषजनक नहीं थी।
विज्ञापन

निगोही कस्बा निवासी यासीन अली उर्फ काले का पुवायां रोड पर ईंट भट्टा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की रात एक बजे उनके दरवाजे से होकर सायरन बजाती हुई पुलिस गाड़ी निकली। इसके बाद वह टीवी बंद करके और पत्नी कहकशां बरामदे में सो गईं। जबकि उनकी 12 वर्षीय पुत्री रिहा फातिमा, आठ वर्षीय पुत्र जोएब अली कमरे में सो गए। रात करीब दो बजे कहकशां कीं अचानक आंख खुल गई। वह शौच के लिए उठने वाली थी कि बरामदे में नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों को देखकर उसकी चीख निकल गई। इतने में यासीन की भी आंख खुल गई। बदमाशों ने दोनों को दबोच लिया और कहा शोर मचाया तो सारे परिवार को गोलियों से भून दूंगा। मौत के भय से वे लोग सहम गए। बदमाशों ने तहमद से उनके हाथ-पैर और गमछे से पत्नी कहकशां के हाथ पैर-बांधे और बच्चों वाले कमरे में ले गए। यहां परिवार को बंधक बनाकर कमरे में लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने कमरे में रखी सेफ से नौ लाख की नकदी, 25 तोल सोने के जेवर समेत करीब 20 लाख रुपये कीमत का सामान बटोर लिया और मेन गेट खोलकर चले गए। बदमाशों के जाने के बाद यासीन ने शोर मचाया तब लोगों को जानकारी हुई।
दो लोग परिवार के पास असलाह लिए खड़े रहे
बदमाशों की संख्या सात बताई गई है। एक बदमाश पौनियां और दूसरा बदमाश रिवाल्वर लिए बंधक बनाए गए परिवार के पास खड़ा रहा। बाकी बदमाश कमरे में लूटपाट करते रहे। इसके बाद जिस कमरे में परिवार को बंधक बनाया था, उस कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर सबको अंदर बंद करके चले गए।
विज्ञापन

लाइसेंसी बंदूक मकान की दीवार के पास फेंक गए
बदमाशों ने नकदी जेवर के साथ ही दो मोबाइल, हेलमेट और एक पेटी कारतूस भी चोरी कर लिए। बदमाशों ने साथ में बंदूक भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन शायद कुछ सोचकर बंदूक मकान की दीवार के पास फेंक गए। बदमाश रात दो बजे से तीन बजे तक लूटपाट करते रहे।
घटना के खुलासे को लगाई गईं चार टीमें
एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गईं हैं, जिनमें एक टीम थाना निगोही पुलिस की और दूसरी सेहरामऊ दक्षिणी, तीसरी खुदागंज और चौथी क्राइम ब्रांच की टीम है।
थाना प्रभारी ने पकड़ाई डाका की चोरी में दर्ज की गई रिपोर्ट की कॉपी
निगोही। यासीन अली उर्फ काले के यहां हुई डकैती की वार्ता के लिए बाबू अली व कस्बे के लोग सुबह छह बजे थाने पहुंचे तो थाना प्रभारी सोम प्रकाश अपने आवास से बाहर नहीं निकले। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया और शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर निगोही थाना गेट के सामने भारी वर्षा के दौरान चक्काजाम कर दिया। एक घंटे चले चक्काजाम से प्रभारी निरीक्षक सोमप्रकाश अपने आवास से निकल कर आए और बोले सारी रात जागा हूं। इस पर बाबू अली बोले घटना के बाद घेराबंदी करके बदमाशों को पकड़ना था और जिले के आला अधिकारियों को बताना चाहिए था। इस बात को लेकर उनकी थाना प्रभारी से गर्मा-गर्मी हुई। प्रभारी निरीक्षक बोले, यह लो कॉपी रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चोरी की दर्ज रिपोर्ट देख लोग खौल गए हमजापुर चौराहे पर भीड़ ने चक्काजाम कर दिया। सूचना पर सीओ सदर परमानंद पांडे, एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी पहुंचे और डकैती की रिपोर्ट दर्ज किए जाने व जल्द घटना के खुलासे के आश्वासन पर जाम खुला। चार घंटे चले जाम से मार्ग के दोनों ओर भारी वाहनों की कतारें लग गईं।
विधायक रोशनलाल के हस्तक्षेप पर पुलिस जागी
निगोही पुलिस की लापरवाही से विधायक रोशनलाल वर्मा ने सख्त लहजे में पुलिस अधीक्षक से वार्ता की। उनके निर्देश पर एएसपी सिटी, सीओ सदर, क्राइम ब्रांच, डाग स्क्वाड, फोरेसिक टीमें घटना स्थल पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें