खुटार के इफको केंद्र पर यूरिया समाप्त होने के बाद निराश खड़े किसान। संवाद
खुटार। यूरिया खरीदने के लिए टोकन लेने के लिए किसान सुबह चार बजे से ही लाइन में लग रहे हैं, लेकिन कई किसानों को टोकन तक नहीं मिल पाते हैं। इससे उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। वहीं, इफकाे केंद्र प्रभारी कुछ लोगों के दबंगई दिखाने से परेशान हैं। उनका कहना है कि लोग पुलिस से भी अभद्रता करते हैं।
खुटार के इफको केंद्र पर सुबह चार बजे से ही लंबी लाइन लग रही है। महिलाएं घर का कामकाज छोड़कर यूरिया के लिए लाइन में लगी रहती हैं। बारिश में भी लोग लाइन में डटे रहते है। उन्हें डर रहता है कि लाइन से हटने पर उनका नंबर कट जाएगा और टोकन नहीं मिल पाएगा।
सोमवार को केंद्र पर 600 बोरी यूरिया आई थी। यूरिया के लिए केंद्र पर लंबी लाइन लग गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोग दबंगई दिखाते हुए लाइन में लगे किसानों को धमकाने लगे और खुद पहले टोकन लेने का प्रयास करने लगे। परेशान होकर केंद्र प्रभारी ने पुलिस बुला ली। पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोगों ने पुलिस से भी विवाद किया।
बाद में पुलिस ने 600 बोरी यूरिया के लिए टोकन वितरण कराए। केंद्र प्रभारी राजीव चौधरी ने कहा कि जब तक पुलिस कुछ लोगों पर कार्रवाई नहीं करेगी, तब तक स्थिति में सुधार नहीं होगा। दबंगों के कारण छोटे किसान यूरिया से वंचित रह जाते हैं। 23 और 27 जुलाई को 600-600 बोरी यूरिया प्राप्त हुई थी, जिसका वितरण किया गया है।
इफको के केंद्र प्रभारी को मामले की लिखित सूचना देनी चाहिए। अगर कुछ लोग दिक्कत कर रहे हैं तो फोर्स लगवाकर खाद का वितरण कराया जाएगा।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां