मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी में खून की जांच को उमड़ी मरीजों की भीड़। संवाद
शाहजहांपुर। मौसम में बदलाव के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुखार और संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ओपीडी से लेकर पैथोलॉजी तक मरीजों की संख्या बढ़ने से रक्त जांच के लिए मरीजों को लंबी कतार में इंतजार करना पड़ रहा है। पैथोलॉजी में रोजाना करीब 200 से 250 रक्त सैंपल लिए जा रहे हैं। जल्द ही मेडिकल कॉलेज में नए काउंटर बनाने की तैयारी है।
एक मरीज की कई जांच होने के कारण सैंपल लेने और रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए मरीजों को काफी समय लग रहा है। वायरल फीवर, फ्लू और मौसमी संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ने से पैथोलॉजी पर भी दबाव बढ़ गया है। मरीजों की सुविधा के लिए आठ नए पंजीकरण काउंटर खोलने की तैयारी है।
इसके लिए 67 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही काउंटर बनाने का काम शुरू कराया जाएगा। इससे पंजीकरण में लगने वाले समय और मरीजों की भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। मरीजों को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।