शाहजहांपुर। ड्यूटी का समय पूरा होने पर लोको पायलट मालगाड़ी को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी करके घर चला गया। तीन घंटे तक मालगाड़ी स्टेशन पर खड़ी रही। रोजा से दूसरा लोको पायलट पहुंचने पर उसे आगे रवाना किया जा सका। हालांकि इस दौरान किसी भी ट्रेन का समय न होने की वजह से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
मंगलवार को डाउन लाइन की मालगाड़ी सुबह 7:15 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची। मालगाड़ी को दो नंबर प्लेटफॉर्म पर लिया गया। तब तक मालगाड़ी के लोको पायलट की ड्यूटी का समय खत्म हो गया। बताया जाता है कि इसी वजह से वह मालगाड़ी प्लेटफॉर्म दो पर ही छोड़कर चला गया। शाहजहांपुर स्टेशन से इसकी जानकारी कंट्रोल को दी गई तो करीब 10:15 बजे रोजा से लोको पायलट वहां पहुंचा। इसके बाद मालगाड़ी को आगे लेकर रवाना किया जा सका। इस दौरान करीब तीन घंटे तक मालगाड़ी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि लोको पायलट की ड्यूटी का समय खत्म होने पर वह घर चला गया था, इसलिए मालगाड़ी स्टेशन पर ही खड़ी रही थी।
लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर और सत्याग्रह समेत कई ट्रेनें रहीं लेट
शाहजहांपुर। अपलाइन की लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर और सत्याग्रह एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चली। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर 4 घंटे देरी से आई। इसी तरह से सत्याग्रह, राप्ती गंगा, पोरबंदर मोतिहारी एक्सप्रेस 4 घंटे और जननायक, टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस तीन-तीन घंटे लेट रही। इनके अलावा नौचंदी डेढ़ घंटा, अवध असम एक्सप्रेस एक घंटा, बरेली एक्सप्रेस 30 मिनट और काठगोदाम एक्सप्रेस 20 मिनट लेट रहीं। वहीं, डाउन लाइन की ट्रेनों में सरयू यमुना एक्सप्रेस 43 मिनट, शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस 35 मिनट, अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटा, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा देर से स्टेशन पर पहुंची। संवाद