जैतीपुर। एक निजी विद्यालय में एलकेजी में पढ़ रहे गोहावर गांव के रहने वाले रामजी वर्मा के पांच वर्षीय बेटे सिद्धांत को मंगलवार को पूर्वाह्न उस समय किसी जहरीले कीट ने काट लिया, जब वह कक्षा से बाहर निकलकर नल पर पानी पीने गया था।
बालक ने रोते हुए कक्षा में आकर पैर में सांप के डसने की बात कही तो स्कूल में अफरातफरी मच गई। शिक्षकों ने सूझबूझ दिखाते हुए प्रबंधन को सारी बात बताई और उसे स्कूल के वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
सूचना पर बच्चे के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहम्मद सजर के अनुसार बच्चे के पैर पर काटने का निशान है, लेकिन उसे सांप के डसने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि बच्चे को प्राथमिक उपचार और एहतियातन एआरवी लगाने के बाद हालत खतरे से बाहर होने पर उसे छुट्टी दे दी गई है। बच्चे के पिता ने बेटे का तत्परता से इलाज कराने के लिए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है। संवाद