ददरौल के गांव सिसनई में लोगों की समस्याएं सुनते प्रमुख सचिव। स्रोत : सूचना विभाग
शाहजहांपुर। प्रमुख सचिव और जिले के नोडल अधिकारी मनीष चौहान ने शुक्रवार को विकासखंड ददरौल के सिसनई गांव में जनचौपाल लगाई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से खुले रहने चाहिए।
जनचौपाल के दौरान प्रमुख सचिव ने आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशनकार्ड, स्वयं सहायता समूह ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और संस्थागत प्रसव जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को सामुदायिक शौचालयों को नियमित रूप से खुला रखने और उनमें स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में शौचालयों पर ताला न लगाया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी को सभी बच्चों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
इसके साथ ही गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए और सफाई के लिए रोस्टर बनाने के लिए कहा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए, प्रमुख सचिव ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह भी मौजूद रहे।