मार्ग दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लायंस क्लब संगिनी के पदाधिकारियों ने रेडियम लाइट स्टीकरों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बड़े वाहनों को पीछे चिपकाने का अभियान चलाकर एक अनूठी पहल की है।
सोमवार की सुबह लायंस क्लब संगिनी की चेयरमैन सुखप्रीत माटा की अगुवाई में तमाम महिला पदाधिकारी रोजा मंडी गेट के पास पहुंची और हाईवे व मंडी के अंदर आने व जाने वाले ट्रैक्टर ट्रालियों तथा बड़े कामर्शियल वाहनों के पीछे रेडियमयुक्त स्टीकरों को चिपकाने का काम शुरू किया। यह क्रम दोपहर दो बजे तक चलता रहा।
इस मौके पर अध्यक्ष सुखप्रीत माटा ने कहा कि मार्ग दुर्घटनाओं से हो रही जनहानि के प्रति हम संवेदनशील हैं। हमारे संगिनी क्लब का रेडियम स्टीकर लगाकर पीछे आने वाले वाहनों को सचेत कर दुर्घटनाओं को रोकने का एक प्रयास है। इस अवसर पर क्लब की सचिव गुरमीत कौर लांबा, मीरा त्रिवेदी, नमिता सिंह, मीनाक्षी कपूर, अल्का मेहरा, साधना सक्सेना, पिंकी भागी, तराना जमाल के अलावा मंडी निरीक्षक विक्रम वाजपेयी, जगवीर सिंह, चंद्र भूषण मौर्य आदि का सहयोग रहा है।