पुवायां के गांव पीरू में मतदान केंद्र पर मौजूद सीओ और इंस्पेक्टर सिंधौली
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। गांव पीरू के प्रधान प्रत्यक्ष कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत होने के कारण सोमवार को यहां उपचुनाव कराया गया। प्रधान पद के लिए यहां से दो महिलाओं सहित तीन लोग चुनाव मैदान में हैं। प्रधान प्रत्यक्ष कुमार की कुछ समय पूर्व हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद गांव पीरू में उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया था। उपचुनाव में प्रत्यक्ष कुमार की पत्नी गुड्डी देवी, बलवीर सिंह की पत्नी मीरा देवी और सतेंद्र पाल सिंह प्रत्याशी है। सोमवार को मतदान कराया गया। मतदान के दौरान गांव के तमाम लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से वोट डाले।
सुबह सर्दी के दौरान लोग वोट डालने के लिए नहीं निकले, लेकिन बाद में जमकर वोट पड़े। निर्वाचन अधिकारी पुवायां के बीईओ अमित कुमार ने बताया कि गांवसभा में दो बूथों पर 928 के सापेक्ष 739 मत पड़े। दोनों बूथों पर मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ बीएस वीरकुमार और सिंधौली के थाना प्रभारी जगनारायण पांडे पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। मंगलवार को मतगणना ब्लॉक मुख्यालय पर होगी। मतगणना के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।