शाहजहांपुर। अक्षय तृतीया के मद्देनजर सराफा कारोबारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोने के दाम बढ़ने के चलते इस बार कम वजनदार और डिजाइनर ज्वेलरी की ज्यादा मांग है। चार ग्राम से शुरू इटेलियन चेन भी इस बार मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। मुंबई, कोलकाता और कोयंबटूर के डिजाइन भी मार्केट में देखने को मिल रहे हैं। वहीं, हीरा भी ग्राहकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
कारोबारियों के मुताबिक ग्राहकों ने ज्वेलरी बुक करानी शुरू कर दी है। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है। इस दिन सोना खरीदना शुभ माना जाता है। विगत कुछ माह से सोने के दाम आसमान छू रहे हैं। 1.92 लाख रुपये के उच्च स्तर से अब सोने के दाम 1.55 लाख रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए हैं।
दाम कम होने के बावजूद ग्राहकों के लिए सोने के आभूषण खरीदना आसान नहीं है। ऐसे में सराफा कारोबारियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए कम वजनदार और देखने भी बड़ी डिजाइनर ज्वेलरी का स्टाॅक मंगाया है। वहीं, निवेश के उद्देश्य से सोने और चांदी के सिक्कों के भी खरीदे जाने का अनुमान है।
सोना महंगा होने के मद्देनजर लोगों का रुख डायमंड की ओर भी हुआ है। सराफा व्यापारियों को उम्मीद है कि अक्षय तृतीया पर अच्छी खरीदारी होगी। सहालग के कारण भी आभूषणों की बिक्री बढ़ी है। पूर्व में सोने-चांदी के उतार-चढ़ाव के कारण बहुत कम ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे थे।
इस बार इटेलियन चेन मुख्य आकर्षण रहेगी। इसका वजन चार ग्राम से शुरू होकर 12 ग्राम तक है। यह हर वर्ग के ग्राहकों के बजट में भी है। इसमें डिजाइन की भी शानदार वैरायटी आई है। यह लोगों को काफी पसंद आ रही है। इसके अलावा अक्षय तृतीया के मद्देनजर बुकिंग होने लगी है।
-जतिन वर्मा, सराफा कारोबारी
सोने के दाम बढ़ने से आभूषणों का ट्रेंड बदल गया है। ग्राहक अब देखने में बड़ी और कम वजनदार ज्वेलरी पसंद कर रहा है। दाम फिर से उच्च स्तर पर पहुंचने की संभावना के मद्देनजर निवेश के उद्देश्य से सोने और चांदी के सिक्कों की भी बिक्री का अनुमान है। इसके अलावा डायमंड रिंग की भी डिमांड बढ़ी है।
-विनोद सराफ, अध्यक्ष सराफा एसोसिएशन
जतिन वर्मा, सर्राफा कारोबारी
जतिन वर्मा, सर्राफा कारोबारी