शाहजहांपुर। ककरा में विकसित की गई सोलर सिटी की लाइटें तीन माह में ही खराब होने से वहां अंधेरा छा गया है। अधिकतर में बैटरी की खराबी की समस्या सामने आई है। इसके चलते नगर निगम ने संबंधित एजेंसी का भुगतान रोकते हुए नोटिस जारी किया है।
शहर के ककरा मोहल्ले को न्यू सिटी के रूप में विकसित किया गया है। यहां पर नगर निगम कार्यालय, शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण, ई-बस चार्जिंग स्टेशन, जैव विविधता पार्क बने हैं, साथ ही कई प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं। न्यू सिटी को रात में जगमग करने के लिए नगर निगम ने तीन महीने पहले सोलर एनर्जी डवलपमेंट फर्म के जरिये 80 सोलर लाइटों को लगवाया था।
उद्देश्य था कि ककरा में बने कार्यालयों के आसपास रात में बिजली नहीं होने पर सोलर लाइटों के जरिये रोशन किया जा सके। प्रत्येक सोलर लाइट की कीमत करीब 20 हजार रुपये के आसपास आई थी। लेकिन, इन लाइटों की गुणवत्ता काफी खराब निकली। अधिकतर लाइटें खराब हो गई हैं। इसे लेकर क्षेत्र के पार्षद शिवओम सक्सेना ने नगर आयुक्त से शिकायत की। जिसके बाद नगर आयुक्त ने फर्म के भुगतान पर रोक लगा दी है।
खंभे लगाने में भी किया खेल
नगर निगम की ओर से सोलर एनर्जी डवलपमेंट को नगर निगम क्षेत्र में 360 सोलर लाइट लगाने का टेंडर दिया गया है। इसमें न्यू सिटी ककराकलां के अलावा बरेली मोड़ स्थित साउथ सिटी, चिनौर स्थित नियामतपुर, शहबाजनगर समेत शहर के प्रमुख स्थान भी शामिल हैं। सोलर खंभा गाड़ने का मानक तीन फुट रखा गया था, लेकिन एजेंसी ने दो फुट गहराई पर ही खंभे लगा दिए। ऐसे में हाल ही में आई आंधी-बारिश में कई खंभे गिर गए। कई खंभों का सोलर पैनल भी गायब हो गए।
सोलर लाइटें खराब होने की शिकायत मिलने के बाद संबंधित एजेंसी का भुगतान रोक दिया गया है। एजेंसी को नोटिस दिया गया है। सोलर लाइटें सही होने के बाद ही एजेंसी का भुगतान किया जाएगा।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त