कांट में ऑटोमैटिक ड्राइविंग सेंटर। संवाद
शाहजहांपुर। वाहनों का लाइसेंस बनवाने के लिए अब मैनुअल के बजाय ऑटोमैटिक ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर पर वाहन चलाकर दिखाना होगा। इसके बाद लाइसेंस जारी होगा। यह प्रक्रिया 16 जून से प्रारंभ होने जा रही है।
परिवहन विभाग में 108 लाइसेंस का प्रतिदिन का कोटा है। इसमें कभी शत-प्रतिशत तो कभी 70 से 80 आवेदक ही पहुंचते हैं। उनसे मैनुअल ही वाहन चलवाकर लाइसेंस जारी कर दिया जाता है। परिवहन विभाग ने कांट में ऑटोमैटिक ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर का निर्माण कराया था। भवन के निर्माण को पूरा हुए करीब एक साल हो गया है।
संबंधित संस्था ने सेंटर का निरीक्षण भी कर लिया था लेकिन सेंटर प्रारंभ नहीं हो पाया। अब इसे मंजूरी मिल गई है। विभाग ने एक संस्था को सेंटर के संचालन की जिम्मेदारी दी है। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश सिंह ने बताया कि सेंटर का संचालन 16 जून से प्रारंभ हो जाएगा। सभी ड्राइविंग लाइसेंस अभ्यर्थियों को बायोमीट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्व की तरह एआरटीओ कार्यालय में संपादित करना होगी। उसके बाद सेंटर में उपस्थित होकर ड्राइविंग प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। टेस्ट के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाएगा।