बंडा क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने से कई गांव के लोगों में दहशत है। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर घर भेज दिया। गांव पटना के पास विद्यादेवी महाविद्यालय के पीछे सड़क पर बुधवार को कुछ लोगों ने एक तेंदुए को घूमते देखा। इस पर लोगों में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर यूपी-100 पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मौके से हटाकर घर भेज दिया। इसके बाद पुलिस काफी देर तक मौके पर मौजूद रही, लेकिन तेंदुआ नहीं दिखा। विद्यादेवी महाविद्यालय कॉलेज के संचालक उर्वेश यादव ने बताया कि गांव पटना से बिलसंडा मार्ग पर परशुराम के गन्ने के खेत में तेंदुए को देखा गया था।
इस कारण मौके पर भारी भीड़ रही। भीड़ पर तेंदुए के हमले की आशंका के चलते उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। वन दरोगा राम प्रसाद वर्मा ने बताया मंगलवार को जो तेंदुआ गांव मूड़ा के समीप देखा गया था, वही पटना में पहुंच गया है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।