खुटार (शाहजहांपुर)। गांव चांदपुर के पास तेंदुआ दो बकरी और बकरा उठा ले गया। बाद में दोनों बकरियों के शव गन्ने के खेत में मिल गए। बकरा नहीं मिल सका है। इससे लोगों में दहशत है।
चांदपुर निवासी 17 वर्षीय शान मोहम्मद पड़ोस के अली मोहम्मद के बच्चों के साथ बुधवार को बकरी चराने चांदपुर हरनहाई के कच्चे रास्ते पर झलहा तालाब के पास गया था। शाम चार बजे करीब तेंदुआ एक बकरी को गन्ने के खेत में उठा ले गया। शान मोहम्मद ने तेंदुआ देखकर शोर मचाया लेकिन इस बीच दोबारा लौटा तेंदुआ एक और बकरी को उठा ले गया। शान तेंदुए के डर से काफी दूर भाग गया और शोर मचाने लगा। तब तक तेंदुए ने अली मोहम्मद का एक बकरा भी गन्ने के खेत में खींच ले गया।
शोर सुनकर आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। उधर शान मोहम्मद ने भी गांव जाकर सूचना दी। गांव से तमाम लोग भी लाठी, डंडे लेकर शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे। तलाश करने पर तालाब के पास गन्ने के खेत में दो बकरियों के शव मिल गए। तेंदुआ दोनों का मांस खा गया था। बकरे का पता नहीं चल सका। तेंदुआ होने की जानकारी पर झलहा तालाब के पास खेतों में काम कर रहे किसान घर चले गए। गांव के लोगों ने सूचना दी तो वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वनकर्मियों ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। गांव के लोगों ने बताया कि तेंदुआ पहले एक गाय को भी मार चुका है।
सूचना पर टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने मौके से पगमार्क ट्रेस किए हैं। बकरी मारने वाला कौन सा वन्यजीव हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। - डीएस यादव, रेंजर खुटार