खुटार। जिस स्थान पर गांव मोहनपुर के निखिल वर्मा को गोली मारी गई थी, मंगलवार रात उससे थोड़ी दूर एक ईंट भट्ठे पर सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया। मुनीम ने खुद को कमरे में बंद कर लिया तो बदमाशों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। गांव के लोगों के आने पर बदमाश वैन में सवार होकर भाग निकले।
18 जुलाई की रात गांव मोहनपुर के निखिल वर्मा रात में खेत पर सिंचाई करने गए थे। बदमाशों ने उन्हें गोली मार कर गंभीर घायल कर दिया था। अभी बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका है। उधर मंगलवार रात घटनास्थल से कुछ दूर गांव हिटौटा के एक ईंट भट्ठे पर वैन से कुछ बदमाश जा पहुंचे। बदमाशों ने इन्वर्टर के तार काट दिए, जिससे वहां अंधेरा हो गया। मुनीम आसिफ ने बदमाशों को देखकर खुद को कमरे में बंद कर लिया और फोन से गांव के कई लोगों को बदमाश होने की सूचना देकर मदद करने को कहा। इस बीच बदमाशों ने कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके।
गांव से तमाम लोग बाइक से शोर मचाते हुए भट्ठे की ओर आए तो बदमाश वैन में सवार होकर मौके से भाग निकले। उधर गांव लालपुर के पास भी बदमाश देखे जाने की चर्चा हो रही है। खुटार के रामाधार तिवारी ने सिंचाई के दौरान सरकारी नलकूप संख्या 17 के पास कई संदिग्ध लोगों को देखने की पोस्ट मंगलवार रात सोशल मीडिया पर डाली थी। उनका कहना था कि कई लोगों को देेेखकर उन्होंने एक भट्ठे पर शरण ली। थाना प्रभारी धनंजय सिंह का कहना है कि इस समय अफवाहों का दौर चल रहा है। एक दिन पूर्व कुछ लोगों ने एक मानसिक मंदित को चोर होने के शक में पकड़ लिया था। जहां भी सूचना मिलती है, पुलिस तत्काल पहुंचकर जांच करती है। रात में भट्ठे पर भी पुलिस गई थी। सीओ पंकज पंत ने कहा कि जांच कराई जाएगी।