फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑनलाइन गेमिंग में जीते लाखों रुपये, दोस्तों को दिया उधार, फंदे से लटका मिला शव

सार

थाना क्षेत्र के गांव जनयूरी निवासी बीए के छात्र इंद्रेश कुमार (22) का शव शुक्रवार को संदिग्ध हालात में गांव से बाहर पेड़ से फंदे पर लटका मिला।बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे इंद्रेश घर से बैंक में रुपया निकालने की बात कहकर निकला था।धर्मपाल ने खुद को बरेली में होना बताया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तिलहर। थाना क्षेत्र के गांव जनयूरी निवासी बीए के छात्र इंद्रेश कुमार (22) का शव शुक्रवार को संदिग्ध हालात में गांव से बाहर पेड़ से फंदे पर लटका मिला। वह अपने चार दोस्तों के साथ ऑनलाइन गेम खेला करता था। परिजनों का आरोप है कि दो महीने पहले उसने गेम से 12 लाख रुपये जीते थे। कुछ रुपये दोस्तों को उधार दे दिए। इन्हीं रुपयों की रंजिश में परिवार ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका जताई है।
विज्ञापन

रतीराम का पुत्र इंद्रेश कछियानी खेड़ा स्थित डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र था। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे इंद्रेश घर से बैंक में रुपया निकालने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। शुक्रवार दोपहर 12 बजे गांव के उत्तर दिशा में जड़ी बूटी तलाशने गए चचेरे भाई जितेंद्र ने नहर की पटरी पर शीशम के पेड़ पर इंद्रेश का शव फंदे से लटका देखा। उसने तुरंत परिजनों को खबर दी। पुलिस ने मुआयना किया। बड़े भाई विनीत कुमार का आरोप है कि इंद्रेश के पैर में चप्पल नहीं थी। उसके पंजे जमीन से छू रहे थे। विनीत ने आरोप लगाया कि उसका भाई अपने दोस्तों के साथ ऑनलाइन गेम खेलता था। उसने दो माह पहले करीब 12 लाख रुपये जीते थे। दोस्तों ने उससे उधार ले रखा था। रुपये की वापसी को लेकर दोस्तों से मनमुटाव हो गया था। आशंका व्यक्त की कि इसी विवाद में उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी मौत से भाई हरीराम, मूलाराम, विनीत और मां इतुका का रो-रोकर बुरा हाल है।
बर्थ डे पार्टी में सबने किया डांस, इंद्रेश लेटा रहा
बृहस्पतिवार शाम गांव में बच्चे के जन्मदिन की पार्टी में इंद्रेश शामिल होने गया था। केक कटने के बाद उसके सारे दोस्तों ने नृत्य किया, लेकिन इंद्रेश चुपचाप चारपाई पर लेटा रहा था। भाई मूलाराम का आरोप है कि इंद्रेश को गांव के तिराहे से दो युवक बुलाकर ले गए थे। इंद्रेश की बहन जावित्री मायके आई हुई है। शुक्रवार सुबह नौ बजे जलालाबाद के गांव गढ़िया नगरा निवासी बहनोई धर्मपाल ने इंद्रेश को फोन किया था। धर्मपाल ने खुद को बरेली में होना बताया था। उन्होंने पत्नी जावित्री को घर छोड़ने के लिए कहा था। इंद्रेश ने बहन को जलालाबाद छोड़ने की सहमति दी थी।
विज्ञापन

पिछले साल 70 हजार हारा इंद्रेश, इस बार जीते 12 लाख
बीए के छात्र इंद्रेश ने इस साल 12 लाख रुपये ऑनलाइन गेम में जीते थे। उसका रुपया स्टेट बैंक के खाते में आया था। उसे देखकर गांव के कई अन्य युवक भी ऑनलाइन गेम खेलने लगे थे। बताते हैं कि चार मोबाइल इंद्रेश ने ही दोस्तों को दिलाए थे। इसके 40 हजार रुपये उसने दुकानदार को नहीं दिए थे। बड़े भाई मूलाराम ने बताया कि गांव के छत्रपाल ने ग्रामीणों को रुपये के बारे में बताया है। मूलाराम ने बताया कि पिछले वर्ष इंद्रेश गन्ने की बिक्री के आए 70 हजार रुपये ऑनलाइन गेम में हार गया था। इस बात पर परिजनों ने विरोध भी जताया था। इस वर्ष उसने रुपये जीते तो स्टेट बैंक के बजाय गुरगवां स्थित बैंक में रुपये जमा किए थे। मूलाराम ने बताया कि रुपयों के बारे में इंद्रश ने उसे बताया था। यह भी कहा था कि रुपये दूसरी बैंक में डालने पर उसके 18 हजार रुपये कट गए थे।
एक महीने पहले तय हुई थी इंद्रेश की शादी
ऑनलाइन गेम खेलकर लाखों रुपये कमाने वाले इंद्रेश की एक महीने पहले ही शादी तय हुई थी। लड़की इंटर उत्तीर्ण थी। इसलिए इंद्रेश ने उसका शाहजहांपुर के एक डिग्री कॉलेज में बीए में प्रवेश कराया था।
डीजे और पिकअप खरीदने में खर्च किए थे लाखों रुपये
इंद्रेश ने तीन लाख रुपये का डीजे बरेली से खरीदा था। जबकि डेढ़ लाख रुपये की पिकअप भी ली थी। पिकअप अभी उसने ट्रांसफर भी नहीं कराई थी। डीजे को किराये पर बजाने के लिए एक युवक को नौकरी पर भी रखा था। इंद्रेश के मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस उसकी कॉल डिटेल निकलवाकर मामले की तह तक जाने के प्रयास में है।
शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। अभी मामले की तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - बीएस वीर कुमार, सीओ तिलहर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें