तिलहर तहसील के पास मंदिर प्रांगण में धरने पर बैठे लेखपाल। संवाद
तिलहर। लेखपालों ने शासन स्तर की पांच सूत्री मांगों को लेकर शनिवार से सरकारी कामकाज रोककर तहसील के सामने हनुमान मंदिर परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान धान के सत्यापन, निर्वाचन और लोगों के कार्य नहीं हुए।
लेखपाल संघ के पदाधिकारियाें ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। संघ के तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण कर 2800 रुपये ग्रेड पे निर्धारित करने, नायब तहसीलदार के 50 प्रतिशत पदों पर विभागीय परीक्षा से पदोन्नति देने, स्टेशनरी भत्ता 100 से बढ़ाकर 200 रुपये करने, विशेष भत्ता 100 से बढ़ाकर 2500 रुपये किए जाने, अंतर-मंडलीय स्थानांतरण और लेखपाल पदों की संख्या में वृद्धि करने आदि मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया गया है।
बाद में संघ के पदाधिकारी एसडीएम सदानंद सरोज से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। धरने पर तरुण प्रताप सिंह, राजकमल पटेल, दीपक यादव, अंशु बाजपेयी, पवन मिश्रा, प्रवीन कुमार, रामनारायण मिश्र आदि लेखपाल शामिल हुए।
लेखपाल संघ की ओर से एसडीएम को दिया गया ज्ञापन
पुवायां। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की पुवायां शाखा की ओर से शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में शामिल की गईं मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष आलोक कुमार, मंत्री रवि गंगवार सहित कई लेखपाल मौजूद रहे। संवाद